
India Weather Update: देश में इस समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड और शीतलहर चल रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और तापमान में भारी गिरावट से मैदानी इलाकों में आम जनजीवन पर असर पड़ा है। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह घना कोहरा देखा गया, जिसकी वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई, जिसका सीधा असर फ्लाइट ऑपरेशन पर पड़ा।
उत्तर भारत कोहरे में लिपटा, विजिबिलिटी कम होने से ट्रैफिक बाधित
उत्तर भारत कोहरे में लिपटा उत्तर प्रदेश और पंजाब में कड़ाके की ठंड ने लोगों को कंपा दिया है। मौसम विभाग ने यूपी के आगरा, मेरठ और गोरखपुर समेत 37 जिलों में बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है और स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। पंजाब के SBS नगर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। हरियाणा के रेवाड़ी में विजिबिलिटी इतनी कम थी कि 10-15 मीटर दूर भी देखना मुश्किल था। राजस्थान के ज़्यादातर शहरों में तापमान गिरा, ठंड बढ़ी
झारखंड और बिहार में हालात गंभीर झारखंड के टूरिस्ट डेस्टिनेशन मैक्लुस्कीगंज में रविवार को तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में आ गया है। बिहार में भी पटना समेत 25 जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन गए हैं। जहानाबाद, गया और बक्सर जैसे इलाकों में कड़ाके की ठंड की वजह से लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं। राजस्थान के ज़्यादातर शहरों में भी तापमान सिंगल डिजिट में रिकॉर्ड किया गया है।
अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
30 दिसंबर: पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार समेत कई राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी और सुबह घना कोहरा छाया रहेगा।
31 दिसंबर: कोहरे में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन हल्की ठंड जारी रहेगी।
1 जनवरी (नया साल): नए साल की शुरुआत में पहाड़ी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी और हल्की बारिश का अनुमान है, जबकि मैदानी इलाकों में ठंड जारी रहेगी।
