
गाजा में 2 साल बाद बमबारी रुक गई है, इजरायल का हमला रुक गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में हुए सीजफायर समझौते के बाद सबको उम्मीद थी कि गाजा में शांति होगी. लेकिन ग्राउंड में अभी भी शांति नजर नहीं आ रही है. हमास अब बदला लेने के मोड में आ गया है. वो इजरायल का साथ देने के आरोपी लोगों को बीच सड़क पर आंख में पट्टी बांधकर, घुटनों पर बैठाकर गोली मार रहा है. इतना ही नहीं खुद इसका वीडियो बनाकर शेयर भी कर रहा है.
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार हमास ने मंगलवार, 14 अक्टूबर को गाजा के बर्बाद शहरों पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली, और अपनी बदले की कार्रवाई शुरू की और इजरायल के लिए कथित रूप से मुखबिरी करने वालों को बीच सड़क मौत के घाट उतार दिया.
हमास ने अपने आधिकारिक चैनल पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें आंखों पर पट्टी बांधकर और घुटनों के बल बैठे आठ संदिग्धों को सड़क पर गोली मारते हुए दिखाया गया. हमास का दावा है कि ये सभी इजरायल के सहयोगी थे और उनका कानून नहीं मानते थे. इस वीडियो में हमास के बंदूकधारी लड़ाके भीड़ (जिसमें नाबालिग भी नजर आ रहे हैं) के सामने एक व्यस्त सड़क पर करीब से लोगों को मारते दिख रहे हैं.
