
बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने देश में एक बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर द्वारा किराए पर लिए गए कमरे से विस्फोटकों और हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई ने देश की सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मचा दी है और आतंकी नेटवर्क के नए कनेक्शनों की ओर इशारा किया है।
डॉक्टर के कमरे में क्या मिला?
सूत्रों के अनुसार, सूचना पर आधारित इस संयुक्त अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। पुलिस ने कमरे से निम्नलिखित सामान जब्त किया है। जिसमें लगभग 300 किलोग्राम आरडीएक्स, एक एके-47 राइफल, 84 कारतूस और भारी मात्रा में संदिग्ध रसायन मिले हैं।
आतंकी संगठन से जुड़े 3 डॉक्टर
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई आतंकी संगठन अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद (AGH) की जाँच का हिस्सा है। जाँच में पता चला है कि तीन डॉक्टर इस प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े थे। इनमें से दो डॉक्टर, अनंतनाग निवासी आदिल अहमद राठेर को सहारनपुर से और पुलवामा निवासी मुज़म्मिल शकील को फरीदाबाद से गिरफ़्तार किया गया है। हालाँकि, तीसरा डॉक्टर अभी भी पुलिस की गिरफ़्त से फरार है।
आदिल राठेर पहले भी विवादों में रहे हैं
गिरफ़्तार डॉक्टर आदिल अहमद राठेर का नाम पहले भी एक सनसनीखेज मामले में सामने आया था। कुछ समय पहले, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग मेडिकल कॉलेज (GMC) में उनके निजी लॉकर से एक AK-47 राइफल मिली थी। आदिल राठेर कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के पद पर कार्यरत थे, लेकिन उन्होंने 24 अक्टूबर, 2024 को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।
एजीएच नेटवर्क को सक्रिय करने का प्रयास
प्रारंभिक जाँच के अनुसार, आदिल और उसके डॉक्टर साथी आतंकवादी संगठन एजीएच के नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे। एजीएच का गठन 2017 में हिज़्बुल मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर ज़ाकिर मूसा ने किया था। इस संगठन का उद्देश्य कश्मीर में शरिया कानून के तहत एक इस्लामी राज्य स्थापित करना और भारत के खिलाफ जिहाद छेड़ना है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियाँ इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में आरडीएक्स और हथियार फरीदाबाद कैसे पहुँचे और डॉक्टरों की आतंकवादियों के साथ क्या भूमिका थी। प्रारंभिक जाँच से पता चला है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और एजेंसियाँ कश्मीर घाटी, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से इसके संबंधों की जाँच कर रही हैं।
