
ICC महिला विश्व कप 2025 की विजेता टीम इंडिया की खिलाड़ी बुधवार (5 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर पहुंचीं। प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सम्मानित किया। आज प्रधानमंत्री आवास पर दौरे के बाद, अधिकांश खिलाड़ी अपने गृहनगर के लिए रवाना होंगी। आपको बता दें कि पिछले रविवार को भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार महिला विश्व कप का खिताब जीता था।
प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत बधाई मिलने के बाद खिलाड़ी काफी खुश दिखीं। प्रधानमंत्री मोदी ने टीम की ऐतिहासिक जीत की सराहना की और देश भर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। बाद में, चैंपियन टीम तालियों की गड़गड़ाहट और कड़ी सुरक्षा के बीच अपने होटल लौट गई।
कप्तान हरमनप्रीत ने क्या कहा?
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मौके पर कहा, ‘उन्होंने 2017 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, लेकिन उस समय टीम बिना ट्रॉफी के ही लौटी थी।’ उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘अब हम ट्रॉफी लेकर आए हैं, और हम ऐसे मौकों पर बार-बार प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहते हैं।’
उपकप्तान स्मृति मंधाना ने क्या कहा?
उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा टीम को प्रेरित करते हैं और उनकी ऊर्जा हर खिलाड़ी को एक नई दिशा देती है। आज देश की बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और इसमें प्रधानमंत्री के प्रोत्साहन की अहम भूमिका रही है।
