
नोनी राणा गिरफ्तार: मोस्ट वांटेड गैंगस्टर नोनी राणा को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने उसे कनाडा भागने की कोशिश करते हुए नियाग्रा बॉर्डर के पास से पकड़ा। बॉर्डर एरिया में सिक्योरिटी चेक के दौरान एजेंसियों ने उसे पकड़ा। मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला नोनी राणा कुख्यात गैंगस्टर काला राणा का छोटा भाई है। पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं और अब उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके एक्सट्रैडिशन और दूसरी कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।
एजेंसियों ने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया
सूत्रों ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने सेंट्रल एजेंसियों के साथ मिलकर नोनी राणा को जल्द भारत लाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया है। नोनी राणा को जल्द ही भारत लाकर पूछताछ की जाएगी। उसकी गिरफ्तारी से गैंग की विदेशी फंडिंग और हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े कई बड़े राज खुल सकते हैं।
नोनी राणा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अहम सदस्य है। हाल ही में नोनी राणा के कई सोशल मीडिया पोस्ट सामने आए थे। इन पोस्ट में उसने हरियाणा में लॉरेंस गैंग द्वारा की गई कई आपराधिक घटनाओं की जिम्मेदारी ली थी। इससे यह साफ होता है कि वह विदेश में रहकर भी भारत में अपराध कर रहा था। नोनी राणा हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला है और बदनाम गैंगस्टर काला राणा का छोटा भाई है। नोनी राणा नकली पासपोर्ट का इस्तेमाल करके विदेश भाग गया था, जहाँ से वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था।
