
डोनाल्ड ट्रंप: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी टैरिफ नीति दुनिया भर में चर्चा का विषय रही है। जब अमेरिका में भी इसका विरोध शुरू हुआ, तो ट्रंप ने इसका पुरज़ोर बचाव किया और विरोधियों पर निशाना साधा। रविवार को ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को ‘मूर्ख’ कहा। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि टैरिफ की वजह से अमेरिका दुनिया का सबसे अमीर और सबसे सम्मानित देश बन गया है, जहाँ मुद्रास्फीति लगभग न के बराबर है।
हर अमेरिकी को मिलेंगे 2000 डॉलर
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, ‘अमेरिका टैरिफ से खरबों डॉलर कमा रहा है और इस पैसे से देश जल्द ही अपना कर्ज चुकाना शुरू कर देगा। साथ ही, सभी अमेरिकियों को कम से कम 2,000 डॉलर का लाभांश दिया जाएगा।’ हालाँकि, यह राशि उच्च आय वाले लोगों को नहीं मिलेगी।
ट्रंप ने आलोचकों पर पलटवार किया
अपने टैरिफ से दुनिया को डराने वाले डोनाल्ड ट्रंप लगातार अमेरिका के लिए इस नीति के फायदों का बखान करते रहे हैं। ‘ट्रुथ सोशल’ प्लेटफॉर्म पर अपनी हालिया पोस्ट में उन्होंने अपनी व्यापार नीति का प्रचार किया। ट्रंप ने दावा किया कि, ‘उनके नेतृत्व की बदौलत अमेरिका दुनिया का सबसे अमीर और सबसे सम्मानित देश बन गया है, जिसके शेयर मूल्य रिकॉर्ड स्तर पर हैं, 401(के) (सेवानिवृत्ति बचत योजना) बैलेंस ऊंचा है, और हर जगह कारखानों में वृद्धि हो रही है।’
